‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, उन्नाव के सभी मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित

जिला संवाददाता देवेन्द्र तिवारी
उन्नाव: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को उन्नाव जिले के सभी मंडलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यशालाओं में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं सफीपुर विधायक बंबा लाल दिवाकर ने सफीपुर और मियागंज मंडल की कार्यशालाओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान जिला मंत्री मलखान सिंह, मियागंज मंडल अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह तथा सफीपुर मंडल अध्यक्ष नीरज कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यशाला के उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं विधायक बंबा लाल दिवाकर संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता यात्रा में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने सिर पर कलश धारण कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

बैठकों में 10 से 12 अगस्त तक मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने, 10 से 13 अगस्त तक घर-घर तिरंगा वितरण, 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाने, सैनिक परिवारों के सम्मान तथा 14 अगस्त को निराला प्रेक्षागृह में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशालाओं में मंडल प्रभारी, प्रवासी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, संयोजक, सह-संयोजक, शक्ति केंद्र संयोजक, वार्ड पार्षद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
ब्यूरो चीफ, दैनिक किसान मेल न्यूज़



