आयकर बार एसोसिएशन ने किया विभागीय अधिकारियों का भव्य स्वागत, होटल क्लार्क्स अवध में हुआ गरिमामय आयोजन।

-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता


लखनऊ: अपनी दीर्घकालिक और गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए आयकर बार एसोसिएशन, लखनऊ द्वारा गत 22 जुलाई को होटल क्लार्क्स अवध में आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में एक भव्य ‘स्वागत समारोह एवं रात्रिभोज’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों और बार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जो आयकर विभाग और कर बिरादरी के बीच प्रगाढ़ एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
इस गरिमामय समारोह में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (Pr. CCIT), लखनऊ, श्रीमती अपर्णा एम. अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, डॉ. रमन कांत गर्ग, प्रधान आयकर आयुक्त (अन्वेषण), विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का सुचारू और इंटरैक्टिव संचालन अपनी चिरपरिचित शैली में दिलीप यशवर्धन (MOC) द्वारा किया गया।
स्वागत भाषण देते हुए आयकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज लाल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सभी सम्मानित अधिकारियों एवं बार के सदस्यों का सहहृदय स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और बार के सदस्यों की यह निरंतर सहभागिता वर्ष-दर-वर्ष इस रिश्ते को और अधिक मजबूत करती है, जिससे आपसी सहयोग और समझ की भावना को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर आयकर बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट मनीष रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, उपस्थित सभी अधिकारियों एवं बार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
औपचारिक सत्र के पश्चात, सभी उपस्थित जनों ने अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में रात्रिभोज में सम्मिलित हुए।
