भाजपा की बैठक में लखनऊ रैली की तैयारियों पर मंथन, उन्नाव से 14 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें तीन नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के तहत होने वाले पैदल मार्च और जनसभा की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री रामकुमार वर्मा और जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक में लखनऊ में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलेवार तैयारियों, परिवहन व्यवस्था और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा हुई। पार्टी की ओर से उन्नाव जिले से 14 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विधानसभा वार सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक में लखनऊ जाने वाले कार्यकर्ताओं के लिए बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विधानसभा वार प्रभारी, सह-प्रभारी, वाहन प्रमुख, वाहन प्रभारी और भोजन प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों को अभियान के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी दी गई।
लोकतंत्र और राजनीतिक मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मंत्री रामकुमार वर्मा और जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि पार्टी आगामी कार्यक्रम के माध्यम से लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच अपनी बात रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इससे पहले जिला कार्यालय पहुंचने पर क्षेत्रीय मंत्री रामकुमार वर्मा का स्वागत किया गया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, सुशील तिवारी, नवीन सिंह, आनंद अवस्थी, सविता रावत, जितेंद्र प्रताप सिंह पटेल, मलखान सिंह, संदीप लोधी, संदीप शुक्ला, अवनीश शुक्ला, अमित त्रिपाठी, जसमीत अरोड़ा, सुभाष भारती, समीर शुक्ला, विजय द्विवेदी, रमेश तिवारी, विवेक तिवारी, कुश सिंह, उदय प्रताप सिंह, जैनेन्द्र शुक्ला, दीपांकर मिश्र, मनीष पांडेय, राजेंद्र द्विवेदी और संदीप निगम सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मनोज निषाद, किसान मोर्चा के कमल कुमार बाजपेई तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदीप राजपूत और आदर्श गौतम सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में सहभागिता की।



