तेरहवीं से लौटे दंपती पर पड़ोसी ने किया हमला, कुल्हाड़ी लगने से पति गंभीर

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
किसान मेल | पुरवा, उन्नाव
पुरवा। कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव में तेरहवीं संस्कार से घर लौटे दंपती पर विवाद के बाद हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर पड़ोसी युवक और उसके परिवार की महिलाओं ने दंपती के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट और पथराव किया गया। इसी दौरान पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़िता प्रभा के अनुसार वह 23 अगस्त की रात करीब आठ बजे अपने पति हंसराज के साथ तेरहवीं संस्कार से घर लौटी थी। घर पहुंचने के बाद पड़ोसी इंद्रजीत, उसकी पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि पहले पत्थर फेंककर हमला किया गया और बाद में इंद्रजीत ने कुल्हाड़ी से हंसराज पर वार कर दिया। हमले में हंसराज को गंभीर चोटें आईं।
परिजन घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



