उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, कच्चा मकान ढहा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

किसान मेल | उन्नाव

उन्नाव। जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में 70.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। मियागंज क्षेत्र के कोरारीकला गांव में एक कच्चा मकान बारिश के बीच ढह गया।

हादसे के समय परिवार के लोग खेत पर गए हुए थे, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने के बाद घर में रखा सामान मलबे में दब गया। परिवार के सामने बारिश के बीच रहने और गृहस्थी बचाने की समस्या खड़ी हो गई।

बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह जलभराव की स्थिति भी बनी। लगातार पानी गिरने से कमजोर दीवारें और पुराने भवन खतरे में हैं।

इसी दौरान डीआईओएस कार्यालय परिसर में एक पेड़ गिरने से दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि बड़े हादसे की सूचना नहीं है।

मौसम के लगातार खराब रहने से प्रशासन के सामने जलभराव, कच्चे मकानों और पेड़ों के गिरने जैसी घटनाओं से निपटने की चुनौती बनी हुई है। लोगों को जर्जर मकानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

ग्रामीण इलाकों में लोग बारिश के कारण अपनी फसल और घरों को लेकर चिंतित हैं। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो निचले इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button