लाल निशान से महज 22 सेंटीमीटर दूर गंगा, कटरी के खेतों में घुसा पानी

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
किसान मेल | उन्नाव
उन्नाव। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले के गंगा किनारे बसे इलाकों में चिंता बढ़ गई है। बुधवार शाम तक गंगा का जलस्तर 112.780 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 113 मीटर है। ऐसे में नदी का पानी लाल निशान से महज 22 सेंटीमीटर नीचे रह गया है।
पिछले करीब 22 घंटे में गंगा के जलस्तर में लगभग 12 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जलस्तर बढ़ने का सबसे ज्यादा असर कटरी क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। निचले इलाकों में खेतों में खड़ी फसलें पानी की चपेट में आने लगी हैं।
गंगा का पानी लगातार बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर संपर्क मार्गों और निचले रास्तों पर पानी पहुंचने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
इधर सफीपुर क्षेत्र में गंगा और कल्याणी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। एसडीएम ने प्रभावित और संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जलस्तर और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से नदी के किनारे जाने और बच्चों को पानी के आसपास जाने से रोकने की अपील की गई है।
प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों और खेतों को बढ़ते पानी से बचाने की है। जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले समय में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।



