नीम का पेड़ बना खूनी विवाद की वजह, भतीजे ने चाचा पर किया फायर; कंधे और कोहनी में लगे छर्रे

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
किसान मेल न्यूज़ | उन्नाव। जिले में नीम का पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार देर रात रिश्ते के भतीजे ने अपने चाचा पर तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग में छर्रे बाएं कंधे और कोहनी को छूते हुए निकल गए, जिससे चाचा घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के पपरिया गांव निवासी रज्जनलाल (50 वर्ष) का अपने चचेरे भतीजे राहुल यादव से 2 अगस्त को नीम का पेड़ काटने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते बुधवार रात करीब 10 बजे जब रज्जनलाल घर से बाहर लघुशंका के लिए निकले, तभी पहले से घात लगाए बैठे राहुल ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रज्जनलाल को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) शैलेंद्र लाल फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच जारी है।



