हसनगंज में पांच छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
रास्ते में रोककर अश्लील बातें करने और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
उन्नाव। किसान मेल
हसनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पांच छात्राओं ने गांव के ही एक युवक पर रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करने, अश्लील बातें करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्राओं ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्राओं के अनुसार वे हसनगंज कस्बे स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्राएं हैं। बताया गया कि 21 अगस्त को छुट्टी होने के बाद करीब डेढ़ बजे पांचों सहेलियां साइकिल से अपने घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव का ही युवक बाइक से उनके पास पहुंचा और सुनसान रास्ता देखकर उन्हें रोक लिया।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि युवक ने उनके साथ अश्लील बातें करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर विद्यालय जाना मुश्किल कर देने की धमकी दी और वहां से चला गया।
घटना के बाद सहमी छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
मामले में थाना प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि छात्राओं की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में नाराजगी है।



