उन्नाव में दर्दनाक हादसा: ऑटो की टक्कर से BSF जवान की मौत, दोस्त गंभीर

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव/हसनगंज। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मटरिया टोल प्लाजा की सर्विस रोड पर मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार बीएसएफ जवान शिवम रावत (30) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी राजेंद्र रावत (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हेलमेट लगाए हुए थे।
चंदौली खुर्द गांव निवासी शिवम रावत वर्ष 2019 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। उनकी पहली तैनाती पश्चिम बंगाल में हुई थी और वर्ष 2026 से वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। रक्षाबंधन के लिए वह सोमवार को ही छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे।
मंगलवार रात करीब आठ बजे शिवम अपने गांव के साथी राजेंद्र के साथ बाइक से एक अन्य दोस्त से मिलने जा रहे थे। मटरिया टोल प्लाजा की सर्विस रोड पर लखनऊ की ओर से आ रहे ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र का उपचार जारी है। पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही गई है।
शिवम तीन बहनों के इकलौते भाई और परिवार का सहारा थे। बहनों ने रक्षाबंधन के लिए राखियां खरीद रखी थीं, लेकिन त्योहार से पहले ही भाई की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।



