उन्नाव में मिट्टी के गणेश की बढ़ी मांग, शुक्लागंज बाजार में खरीदारी को उमड़ी भीड़

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। गणेश चतुर्थी को लेकर शुक्लागंज बाजार में रौनक बढ़ गई है। गणपति की स्थापना के लिए प्रतिमा खरीदने बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाजार पहुंच रहे हैं। बाजार में जगह-जगह मिट्टी से बनी रंग-बिरंगी गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर इस बार लोगों में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के प्रति खासा रुझान देखने को मिल रहा है। छोटी प्रतिमाओं से लेकर बड़ी और आकर्षक प्रतिमाओं तक की जमकर खरीदारी की जा रही है। श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग आकार और डिजाइन की प्रतिमाएं खरीद रहे हैं।
दुकानदारों के चेहरे पर भी दिखी खुशी
गणेश प्रतिमाओं की बढ़ती बिक्री से दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है। बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि गणेश चतुर्थी नजदीक आने के साथ प्रतिमाओं की मांग और बढ़ रही है।
शुक्लागंज बाजार में गणेश चतुर्थी की खरीदारी को लेकर उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है। प्रतिमा के साथ पूजा सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं में गणपति स्थापना को लेकर खासा उत्साह है।



