उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: गौरी गांव में 30 अक्टूबर से सजेगा श्री शिव महापुराण कथा का भव्य दरबार, हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

बीघापुर (उन्नाव)। बीघापुर क्षेत्र के गौरी गांव में 30 अक्टूबर से पांच नवंबर तक श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। सीहोर वाले प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

ढाई लाख वर्गफीट में तैयार हुआ वाटरप्रूफ पंडाल

आयोजन स्थल पर करीब ढाई लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति में भी परेशानी न हो। 30 अक्टूबर को सुबह सात बजे ऐतिहासिक गोदावलेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा किए जाने की तैयारी है। इसको लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

36 सेक्टरों में बांटा गया कथा स्थल

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए कथा स्थल को 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा की निगरानी के लिए 70 से 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रवेश व्यवस्था के तहत आठ मुख्य प्रवेश द्वार, पांच सामान्य द्वार और एक वीआईपी द्वार निर्धारित किए गए हैं।

पार्किंग से लेकर पेयजल तक के इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग हेतु 20 स्थल निर्धारित किए गए हैं। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 25 टैंकरों की व्यवस्था की गई है, जबकि स्वच्छता के लिए 120 मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 बेड की चिकित्सा सुविधा और सूचना केंद्र भी स्थापित किया गया है।

निःशुल्क होगा कथा में प्रवेश

आयोजन समिति के अनुसार श्री शिव महापुराण कथा में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और प्रवेश के लिए पास की कोई व्यवस्था नहीं है। समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में सहयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है।

सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करेंगे।

Related Articles

Back to top button