प्रेमिका से मिलने उसके मायके पहुंचा प्रधान का बेटा, महिला और पति पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में प्रेम-प्रसंग से जुड़ी रंजिश में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी ग्राम प्रधान गणेश प्रसाद के 35 वर्षीय बेटे रमाकांत के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रमाकांत शुक्रवार को कार से खैरहनी गांव स्थित अपनी पूर्व परिचित महिला के मायके पहुंचा था। शनिवार दोपहर इसी दौरान महिला और उसके पति ने ग्रामीणों के सामने रमाकांत को घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
हमले में रमाकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि गंभीर चोटों के कारण रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने महिला और पति को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के कारण और पूरे विवाद को लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ी रंजिश का बताया जा रहा है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News



