उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

50 मुकदमों वाला संजय ढाबा मुठभेड़ में धराया, व्यापारी हत्याकांड के बाद था फरार; पुलिस की गोली पैर में लगी

कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र में व्यापारी अमित कुमार गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय ढाबा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि 5 सितंबर 2026 की देर रात अमित कुमार गुप्ता दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेशाब करने को लेकर हुए विवाद के बाद संजय ढाबा ने अपने साथियों हितेन्द्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता, कुशल श्रीवास्तव और अश्वनी यादव समेत अन्य लोगों के साथ अमित पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अमित की 7 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

घटना के बाद मामले में कई आरोपी फरार चल रहे थे। इसी बीच आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए अपना पक्ष रखा था।

पुलिस को मुख्य आरोपी संजय ढाबा के पनकी-सचेंडी बॉर्डर के पास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया।

50 से अधिक मुकदमे दर्ज

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संजय ढाबा के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज पूरा होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सेंट्रल जोन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का लक्ष्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को मजबूत बनाए रखना है।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button