महानगर में सुरक्षा गार्ड का अपहरण कर बनाया बंधक, चार गिरफ्तार

क्राइम टीम, सर्विलांस टीम मध्य जोन और थाना महानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई,
संवाददाता इरफान कुरैशी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड का अपहरण कर उसे बंधक बनाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम टीम, सर्विलांस टीम मध्य जोन और थाना महानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानगर निवासी अमर सिंह पुत्र रामदेव सिंह ने थाना महानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गीता कुंज सोसायटी, प्लॉट संख्या सी-817 और सी-818, महानगर में सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी कर रहे आशीष सिंह को सफेद रंग की कार से पहुंचे कुछ अज्ञात व्यक्ति मारपीट करते हुए जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 210/2026, धारा 140(1) बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया।
मामले के खुलासे और अपहृत सुरक्षा गार्ड की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीमों को लगाया। क्राइम टीम, सर्विलांस टीम मध्य जोन और थाना महानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



