बहरीन एयरपोर्ट पर पकड़े गए सौरभ राय, सुनाई आपबीती

आजमगढ़, यूपी के सौरभ राय को बहरीन एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बैग में तंबाकू और चूना मिलने पर हिरासत में ले लिया, वह 18 दिन तक कस्टडी में रहे
रिहाई के लिए उन्हें 7200 दीनार यानी करीब 18 लाख रुपये जुर्माना भरना पड़ा, जुर्माना भरने के बाद सौरभ राय रिहा हुए और अब भारत लौट आए हैं
”बहरीन पुलिस और CID की हिरासत में मुझे 18 दिन तक 16 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले AC कमरे में रखा गया। ठंड से बचने के लिए कंबल तक नहीं दिया गया। रातभर एक हल्की चादर के सहारे गुजारा करना पड़ता था।”
सौरभ को जुर्माना भरने या जेल की सजा भुगतने का विकल्प दिया गया था। आखिरकार वकील की फीस और जुर्माने समेत कुल 7200 बहरीन दिनार यानी करीब 17.80 लाख रुपए चुकाने के बाद 18 नवंबर को कोर्ट से उनकी रिहाई हुई।
रिहाई के बाद वह सऊदी अरब पहुंचे। वहां से चेन्नई और दिल्ली होते हुए सड़क मार्ग से अपने घर आए। हिरासत के दौरान और वापसी के सफर में उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल वह टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं। उनका इलाज चल रहा है।




