लखनऊ-कासगंज मेमू ट्रेन में तकनीकी खराबी, धुआं निकलने पर रोकी गई ट्रेन

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
गंगाघाट। लखनऊ से कासगंज जा रही मेमू ट्रेन में रविवार सुबह तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ट्रेन गंगाघाट रेलवे स्टेशन के पास ऋषिनगर केबिन के आसपास पहुंची थी, तभी इंजन की तरफ लगे एक पाइप से धुआं निकलता दिखाई दिया।
धुआं दिखाई देने के बाद गार्ड और लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन को नियंत्रित किया। रेलवे अधिकारियों और कंट्रोल रूम को तकनीकी समस्या की जानकारी दी गई। इसके बाद तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया।
जांच में पाइप में खराबी सामने आई। तकनीकी कर्मचारियों ने खराब हिस्से को काटकर आवश्यक मरम्मत की। करीब 15 मिनट तक ट्रेन को रोकने के बाद उसे आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह मामूली तकनीकी खराबी थी और समय रहते उसे ठीक कर दिया गया। घटना के कारण ट्रेन को लंबे समय तक खड़ा नहीं रहना पड़ा और यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।



