भाजपा की मासिक बैठक में गरजे जिला प्रभारी संतोष सिंह, बोले- ‘हर बूथ को हर हाल में जीतना है’

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय उन्नाव में जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिला प्रभारी संतोष सिंह शामिल हुए। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने की। जिला प्रभारी के रूप में पहली बार जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं नारों के साथ उनका स्वागत किया।
बैठक की शुरुआत जिला प्रभारी द्वारा पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।

सपा-कांग्रेस पर संतोष सिंह का निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संतोष सिंह ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल अपनी राजनीतिक पराजयों से हताश होकर चुनाव प्रक्रिया, मुख्य चुनाव आयुक्त और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का मजबूती से जवाब देने का आह्वान किया।
संतोष सिंह ने कहा कि मतदाता सूची जितनी शुद्ध और पारदर्शी होगी, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी पहुंचाने को कहा।

‘हर बूथ को हर हाल में जीतना है’
जिला प्रभारी ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ‘हर बूथ को हर हाल में जीतना है’ के संकल्प के साथ धरातल पर काम करना है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष बोले- अभियानों में उन्नाव लगातार आगे
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि उन्नाव जिला ‘सेवा संकल्प अभियान’ में प्रथम स्थान पर रहा है। इससे पहले भी संगठन की ओर से चलाए गए विभिन्न अभियानों में जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में संगठन आगे भी इसी तरह मजबूती से कार्य करता रहेगा।
मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ हुई अलग बैठक
मासिक बैठक के बाद जिला प्रभारी संतोष सिंह और जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने जिले के सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों के साथ अलग से संगठनात्मक बैठक की। इसमें आगामी कार्ययोजनाओं, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष सुशील तिवारी, विमला कुरील, नवीन सिंह, मुकेश पाल, अनिल कुशवाहा, आनंद अवस्थी, जिला मंत्री अवनीश शुक्ला, साधना दीक्षित, जितेंद्र प्रताप सिंह पटेल, मलखान सिंह, संदीप लोधी, मधु निगम, संदीप शुक्ला, अमित त्रिपाठी, जसमीत अरोड़ा, सुभाष भारती, रमेश तिवारी, विवेक तिवारी, कुश सिंह, उदय प्रताप सिंह, समीर शुक्ल, जैनेन्द्र शुक्ला, जय सिंह कुशवाहा, जिला आईटी संयोजक दीपांकर मिश्र, मनीष पांडेय, प्रदीप सिंह, राजेंद्र द्विवेदी, प्रियंका शुक्ला, संदीप निगम सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी मौजूद रहे।



