उत्तर प्रदेशउन्नाव

नेताजी की जयंती पर भगवंतनगर में भव्य कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर भगवंतनगर में भव्य आयोजन, विशाल भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी के माध्यम से अर्पित किए गए श्रद्धासुमन

धानीखेड़ा, उन्नाव-समाजवादी आंदोलन के महानायक, सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय नेताजी स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी की जयंती के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर के धानीखेड़ा बाजार में समाजवादी पार्टी द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर के विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के संयोजन एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर नेताजी के व्यक्तित्व, कृतित्व, संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन एवं समाजवादी विचारधारा को स्मरण करते हुए विशाल भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। लगभग नौ घंटे तक चले विशाल भंडारे में क्षेत्र के हजारों लोगों ने सहभागिता करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं सेवा की भावना का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सुप्रसिद्ध आल्हा गायिका सुश्री काजल सिंह एवं आल्हा गायक श्री जयशंकर त्रिवेदी ने अपनी ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से बुंदेलखंड की गौरवशाली लोकगायन परंपरा आल्हा की विधा में श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी के संघर्षपूर्ण जीवन, राजनीतिक योगदान एवं जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को प्रस्तुत करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने नेताजी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन, उनके संघर्ष, दूरदर्शी नेतृत्व तथा किसानों, नौजवानों, गरीबों, शोषितों एवं वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता, धर्मनिरपेक्षता एवं समाजवादी मूल्यों की स्थापना के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य श्री सुनील सिंह साजन ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की उम्मीद और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज थे। उन्होंने गरीबों, किसानों, नौजवानों एवं वंचितों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। नेताजी ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके संघर्ष, सिद्धांत और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन केवल नेताजी को याद करने और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने का ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेने एवं सौगंध उठाने का भी दिन है। नेताजी के संघर्षों और आदर्शों का स्मरण करते हुए हम सभी समाजवादी साथियों को यह संकल्प लेना चाहिए कि आने वाले समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं मजबूती से कार्य करेंगे। साथ ही विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर से समाजवादी पार्टी का विधायक उत्तर प्रदेश विधानसभा में भेजने के लिए एकजुट होकर प्रयास करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी ने समाजवादी पार्टी को अपने संघर्ष, त्याग और अथक परिश्रम से एक मजबूत पहचान दिलाई। उनके विचार और सिद्धांत हम सभी समाजवादियों की पूंजी हैं। विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर में समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और जिम्मेदारी के साथ जोड़ना हमारा संकल्प है। नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए हम सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में समाजवादी आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष फूलचंद पासवान, ब्लॉक अध्यक्ष  शिवनारायण गौड़, ब्लॉक अध्यक्ष  विजय यादव, जिला सचिव कृष्ण गौतम, जिला सचिव  कृष्ण कनौजिया,  ओमप्रकाश यादव, कन्हैया लाल यादव (भगवंतनगर), नागेंद्र सिंह,  दीपू यादव आजाद,  विवेक पटेल,  रमन पटेल,  भानु पटेल,  दुर्गेश यादव,  शकील अहमद,  अजय वर्मा,  राकेश द्विवेदी,  गुड्डू शुक्ला,  अजीत बाबी,  सतेंद्र यादव, नानपाल,  मुन्ना गुप्ता, रविंद्र यादव, डॉ. राम विलास यादव, धर्मेंद्र सिंह,  बबलू,  छेदी सिंह,  ज्ञान सिंह, धर्मेंद्र यादव (पूर्व जिलाध्यक्ष) एवं उदय प्रताप सिंह (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं समाजवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नेताजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए समाजवादी मार्ग पर चलने, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने तथा जनसेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक धर्मेंद्र यादव एवं नेतृत्वकर्ता अंकित सिंह परिहार ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, कलाकारों एवं क्षेत्र के समस्त परिवारजनों का कार्यक्रम में सहभागिता, सहयोग एवं स्नेह प्रदान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय नेताजी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार एवं खुशहाली के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button