उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

तिरंगा हमारे लिए मान और सम्मान का प्रतीक, हर घर पर फहरेगा स्वाभिमान का परचम: अर्चना मिश्रा

जिला संवाददाता देवेन्द्र तिवारी

उन्नाव। 05 अगस्त 2026| भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की जिला कार्यशाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के गौरव, वीर शहीदों के बलिदान और 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह अभियान अब एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर राष्ट्रभक्ति का सबसे बड़ा जन-आंदोलन बन चुका है। प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के उपरांत प्रथम जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा मिले भव्य स्वागत और अभिनंदन से अभिभूत होकर उन्होंने संगठन के प्रति आभार जताया।

कार्यशाला में कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, “इस वर्ष की तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल हर घर पर ध्वज फहराना नहीं है, बल्कि हर नागरिक के दिल में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जगाना है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्रवाद की इस अलख को उन्नाव के प्रत्येक बूथ, हर गली और हर घर तक लेकर जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा तिरंगा हमारे लिए मान और सम्मान का प्रतीक है। आजादी के 75वें वर्ष पर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अमृत महोत्सव के अवसर पर देश के सभी नागरिकों को अपने घर पर तिरंगा फहराने का ऐतिहासिक अवसर मिला, जिसे पूरे देश सहित उन्नाव वासियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कमाई से तिरंगा खरीदकर फहराया था।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मंडल में महापुरुषों की प्रतिमाओं को सूचीबद्ध कर उनकी गरिमापूर्ण साफ-सफाई और साज-सज्जा सुनिश्चित की जाए। आगामी तिरंगा यात्रा में युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी, जिसमें हमारे देश के वीर सुरक्षाबलों, अमर बलिदानियों व रक्षा उपकरणों की सराहना करने वाले प्ले-कार्ड्स अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएं। इस तिरंगा यात्रा में शिक्षक, अभिभावक, छात्र, युवा, वरिष्ठ जन और समाज के विशिष्ट जनों की सक्रिय सहभागिता रहेगी तथा समाज के विशिष्ट जन ही इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने संगठन को निर्देशित किया कि विद्यालयों से जीवंत संपर्क स्थापित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से निर्धारित कर दिए जाएं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी तथा बूथ स्तर पर कम से कम 50 घरों पर तिरंगा फहराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आह्वान किया कि 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर व व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर अनिवार्य रूप से तिरंगा फहराया जाए और जहां भी संभव हो, ध्वजारोहण घर के बच्चों के हाथों कराया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस गौरवशाली क्षण के ध्वजारोहण व यात्रा की फोटो/सेल्फी को नमो ऐप, सरल पोर्टल व सोशल मीडिया पर #हरघरतिरंगा तथा #तिरंगायात्रा हैशटैग के साथ प्रमुखता से अपलोड किया जाए।

कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यशाला की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि संगठन की मजबूती और कुशल मार्गदर्शन में उन्नाव जिला इस अभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि 10 से 15 अगस्त के बीच जनपद के सभी मंडलों, वार्डों और बूथ स्तर पर भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी और प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रव्यापी उत्सव से जोड़ा जाएगा। उन्होंने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की तथा आगामी कार्यक्रमों की तिथि-वार ठोस कार्ययोजना रखी।

जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने रूपरेखा बताते हुए कहा कि आगामी 06 अगस्त को जनपद की सभी मण्डल कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात 10 से 12 अगस्त तक भव्य मण्डल तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी तथा 10 से 13 अगस्त तक व्यापक स्तर पर ‘हर घर तिरंगा झण्डा वितरण अभियान’ चलाया जाएगा। वहीं 12 से 13 अगस्त तक शहीद प्रतिमा स्मारक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा 12 से 14 अगस्त के मध्य वीर शहीद सैनिक परिवार सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।

जिलाध्यक्ष ने मुख्य आकर्षण की जानकारी देते हुए बताया कि 13 अगस्त को जनपद में एक भव्य ‘जिला तिरंगा यात्रा’ विशंभर दयाल त्रिपाठी स्मारक से बड़ा हनुमान मंदिर तक निकाली जाएगी। इसके बाद 14 अगस्त को सायं 04:00 बजे निराला प्रेक्षागृह उन्नाव में ‘विभाजन विभीषिका संगोष्ठी व प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जाएगा एवं इसी क्रम में निराला प्रेक्षागृह से अंबेडकर प्रतिमा सिविल लाइन तक एक विशाल मौन जुलूस निकाला जाएगा।

कार्यशाला में नमामि गंगे संयोजक सरोज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं का डिजिटल प्रशिक्षण हेतु आह्वान करते हुए कहा कि हमें ऐसा उत्कृष्ट कार्य व प्रशिक्षण करना है कि अभियान के क्रियान्वयन में हमारा उन्नाव जिला पूरे अवध क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करे। वहीं जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी व्यक्तियों को इस यात्रा से जोड़ना है; यह यात्रा बांगरमऊ विधानसभा के बाद अब सफीपुर आ गई है। जिला कार्यशाला के समापन के उपरांत भाजपा कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्षों की एक विशेष बैठक तथा उसके तुरंत बाद जिला पदाधिकारियों की पृथक बैठक संपन्न हुई, जिसमें सांगठनिक विषयों पर गंभीर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर घर-घर तिरंगा पहुंचाने के लिए जी-जान से जुटने का संकल्प लिया।

कार्यशाला के दौरान मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष आनन्द अवस्थी, राधेश्याम रावत, प्रभाशंकर दीक्षित, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता तथा नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष दिलीप लश्करी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक नवीन सिंह ने किया। इस अवसर पर अभियान के सह संयोजक जिला मंत्री जितेन्द्र पटेल, जिला मंत्री श्रीमती मधु निगम एवं जिला सह संयोजक (आईटी) प्रदीप सिंह तथा जिला महामंत्री रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल सहित पार्टी के सम्मानित पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष मंडल प्रभारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद प्रथम आगमन पर हुआ ऐतिहासिक स्वागत

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद अर्चना मिश्रा के प्रथम उन्नाव जनपद आगमन पर भाजपा परिवार और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जनपद की सीमा सोहरामऊ और नवाबगंज बॉर्डर पर पहुंचते ही जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी की अगुवाई में हजारों कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के साथ उनका अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। इसके बाद जिला कार्यालय की ओर बढ़ते हुए जगह-जगह विभिन्न चौराहों पर स्थानीय विधायकों, ब्लॉक प्रमुखों और मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बड़ी मालाएं पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अपने इस भव्य अभिनंदन और स्नेह से अभिभूत होकर श्रीमती अर्चना मिश्रा ने सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय आभार व्यक्त किया और कहा कि कार्यकर्ताओं का यही विश्वास और ऊर्जा संगठन के कार्यों को धरातल पर सफल बनाने की सबसे बड़ी शक्ति है।

Related Articles

Back to top button