उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

छत से गिरकर बुजुर्ग किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के पोरई गांव में छत से गिरने के बाद घायल हुए 60 वर्षीय किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार पोरई गांव निवासी प्यारे लाल गुरुवार शाम अपने घर की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीघापुर सीएचसी के लिए रेफर कर दिया। बीघापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के बेटे अजय कुमार की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्यारे लाल के तीन बेटे हैं। इनमें दो बेटे अजय कुमार और आकाश मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा अंशू गांव में रहता है। परिजनों के अनुसार अंशू मानसिक रूप से बीमार है। मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।

बुजुर्ग किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

किसान मेल ब्यूरो
ऋषभ तिवारी

Related Articles

Back to top button