ट्रेन की चपेट में आने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, चार बकरियां भी मरीं

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में शनिवार को उन्नाव-रायबरेली रेलवे लाइन पर दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में उनकी चार बकरियां भी ट्रेन की चपेट में आकर मर गईं।
मृतक की पहचान जालिमगंज कुतुबपुर गांव निवासी हरदेव पासवान (76) पुत्र स्वर्गीय बब्बू के रूप में हुई है। बताया गया कि हरदेव रोज की तरह शनिवार को करीब 49 बकरियों को चराने के लिए घर से निकले थे। आकमपुर गांव के पास बकरियां रेलवे लाइन के किनारे चर रही थीं। इसी दौरान कुछ बकरियां रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं।
इसी बीच तकिया की ओर से पेट्रोलिंग ट्रेन आती दिखाई दी। बकरियों को ट्रैक से हटाने के लिए हरदेव उन्हें भगाने लगे। इसी कोशिश के दौरान वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा बैसवारा स्टेशन, बिहार के पास पिलर नंबर 132/11 के नजदीक हुआ। दुर्घटना में हरदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार बकरियां भी ट्रेन की चपेट में आकर मर गईं।
घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर ने बिहार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरदेव के परिवार में तीन बेटे छेदीलाल, जुगुल किशोर और सरवन हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद पत्नी रमदेई का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



