उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

लोन नदी और नहर के बढ़ते जलस्तर से गांवों में जलभराव

संवाददाता सचिन पांडे

ग्रामीण परेशान, तहसील प्रशासन पर अनदेखी का आरोप; प्रधान-सचिव ने संभाली जल निकासी की व्यवस्था

पाटन, उन्नाव। लगातार हो रही बारिश के चलते तहसील क्षेत्र के धीना खेड़ा गांव के अंतर्गत आने वाले रसूलपुर और मझिगवां सेवक में जलभराव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। लोन नदी और नहर का जलस्तर बढ़ने से गांव के कई हिस्सों में पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही आवागमन में भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक जलभराव के कारण गांव की गलियों और रास्तों पर पानी जमा है। रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बीच जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

प्रशासन पर अनदेखी का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलभराव की स्थिति गंभीर होने के बावजूद तहसील प्रशासन की ओर से अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

प्रधान और सचिव ने संभाली जल निकासी की व्यवस्था

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव ने शनिवार को मौके पर जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए पानी निकालने का प्रयास शुरू कराया। स्थानीय स्तर पर किए गए इस प्रयास से ग्रामीणों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार पैदा होने वाली इस समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button