सफीपुर में बिजली बिल वसूली के दौरान विवाद, कर्मचारी से मारपीट; केस दर्ज

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
सफीपुर। बकाया बिजली बिल की वसूली और कनेक्शन काटने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तकनीकी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के मरौंदा मझवारा गांव का है। विद्युत निगम के तकनीकी अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता के मुताबिक वह संविदा कर्मी अनीता देवी के साथ गांव पहुंचे थे। बकाया बिजली बिल होने के कारण संविदा कर्मी विनीत कुमार कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान उपभोक्ता ने अचानक डंडे से कर्मचारी पर हमला कर दिया। मारपीट में कर्मचारी को चोटें आईं। विभागीय अधिकारी ने आरोप लगाया कि घटना से सरकारी काम में भी बाधा उत्पन्न हुई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार घटना की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



