परियर-बिठूर पुल से पत्नी को गंगा में फेंकने का आरोप

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
अवैध संबंधों के शक में वारदात का आरोप, पति गिरफ्तार; गोताखोरों और स्टीमर से महिला की तलाश जारी
उन्नाव। परियर-बिठूर पुल से एक युवक पर अपनी पत्नी को गंगा नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति सुजीत को गिरफ्तार कर लिया। महिला की तलाश में शनिवार सुबह से देर शाम तक गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोप है कि पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी उषा को परियर-बिठूर पुल से गंगा नदी में फेंक दिया।
मौके से आरोपी पति गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक सुजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गोताखोरों और स्टीमर से चला सर्च ऑपरेशन
महिला की तलाश के लिए पुलिस ने गंगा नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब आधा दर्जन गोताखोरों और स्टीमर की मदद से नदी में काफी देर तक महिला की तलाश की गई। पुलिस टीम ने नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की, लेकिन शनिवार देर शाम तक महिला का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने किया हंगामा, सड़क जाम का प्रयास
घटना के बाद महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे। आरोपी युवक को चौकी से थाने भेजे जाने को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई और सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर चौकी प्रभारी अनिल कुमार राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन और तेज किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।



