उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

लोन नदी ने मचाई तबाही, 35 साल बाद उफान; 25 गांवों में घुसा पानी, फसलें डूबीं

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। जिले में लगातार तीन दिन हुई भारी बारिश के बाद लोन नदी करीब 35 साल बाद उफान पर आ गई। नदी का पानी आसपास के करीब 25 गांवों में पहुंच गया है। बीघापुर तहसील क्षेत्र में हालात ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। परसंदा गांव के बाहर पाटन-पुरवा मार्ग का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव के कारण कट गया, जबकि गांव के अंदर भी जलभराव हो गया।

बारिश के कारण करीब 100 बीघा फसल पानी में डूब गई, जिससे किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। आपदा विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में 51.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि तीन दिनों में औसत बारिश करीब 121 मिलीमीटर रही।

लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से पुरई, बैजुआमऊ, संभूरतनखेड़ा, रामाखेड़ा, परसंडा, मोहकमगंज, तेवरिया, पनहन, पुरंदरपुर, ममरेजपुर और त्रिपुरारपुर समेत कई गांव प्रभावित हैं। पुरई गांव की स्थिति सबसे खराब बताई गई है और ग्रामीण जरूरी सामान समेटने लगे हैं।

सुरक्षा को देखते हुए मीरमऊ-बैजुआमऊ मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद करा दिया गया है। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उधर, सई नदी का जलस्तर बढ़ने से मोहान स्थित जलेश्वरनाथ मंदिर जाने वाला रास्ता भी पानी में डूब गया है। 

Related Articles

Back to top button