उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

बारिश ने खोली कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की पोल, चार जगह धंसी मिट्टी; कई स्थानों पर रेन कट

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को एक्सप्रेसवे की लखनऊ जाने वाली लेन पर तीन और लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर एक स्थान पर मिट्टी धंसने की समस्या सामने आई।

इसके अलावा दोनों लेन पर कई जगह सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। कोरारी गांव के पास करीब 300 मीटर के हिस्से में दो स्थानों पर सड़क पर पानी भर गया। वाहन चालक पानी से बचने के लिए बार-बार लेन बदलते नजर आए।

कोरारी रेलवे पुल के अंडरपास के पास सड़क का करीब दो फीट हिस्सा दब गया। वहीं आटा गांव, सरैया और रायपुर गांव के पास भी बारिश से बड़े रेन कट बन गए। निर्माण एजेंसी की टीमें जेसीबी और डंपरों की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्सों में मरम्मत करती नजर आईं।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक्सप्रेसवे पर 25 जुलाई से लगातार मरम्मत का काम चल रहा है और बुधवार को यह 41वें दिन भी जारी रहा। अधिकारियों के मुताबिक जल निकासी व्यवस्था ठीक न होने के कारण बारिश में किनारे की मिट्टी कटने की समस्या बार-बार सामने आ रही है। 

Related Articles

Back to top button