55 साल का प्रेमी और 28 की प्रेमिका… 50 हजार रुपये के विवाद में दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
शव को ई-रिक्शे में लादकर नहर में फेंकने निकला आरोपी, राहगीरों को देखकर फुटपाथ पर छोड़ा शव; तीन घंटे में पुलिस ने दबोचा

लखनऊ। राजधानी के मानकनगर क्षेत्र में 50 हजार रुपये को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय धीरज कुमार सोनकर ने अपनी 28 वर्षीय लिव-इन पार्टनर पूजा उर्फ परवीन की कथित तौर पर उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को ई-रिक्शे में लादकर नहर में फेंकने जा रहा था, लेकिन राहगीरों की आहट होने पर शव को फुटपाथ पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटना के करीब तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चार-पांच साल से थे संपर्क में
पुलिस पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पूजा को करीब चार-पांच साल से जानता था और दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे। पूजा अक्सर स्लीपर ग्राउंड स्थित उसके ठिकाने पर आती-जाती थी।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात भी दोनों साथ थे। इसी दौरान पूजा ने धीरज से 50 हजार रुपये मांगे। धीरज ने बताया कि उसने हाल ही में कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदा था, जिसके चलते उसके पास रकम नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और रातभर कहासुनी होती रही।
सुबह विवाद ने लिया खौफनाक रूप
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब तीन से चार बजे पूजा घर जाने की जिद करने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। धीरज ने पुलिस को बताया कि पूजा की कुछ बातों से वह गुस्से में आ गया और उसने उसका दुपट्टा लेकर गला कस दिया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान पूजा की मौत हो गई।
शव को नहर में फेंकने की थी योजना
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, धीरज शव को ई-रिक्शे में लादकर डीआरएम पुलिया के पास नहर की ओर पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी रास्ते में सीसीटीवी कैमरों से बचने की कोशिश करता रहा।
वह शव को नहर में फेंकने ही वाला था कि कुछ राहगीर उसकी तरफ आते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी घबरा गया और शव को फुटपाथ पर छोड़कर ई-रिक्शा लेकर वहां से फरार हो गया।
शिकायत के बाद तीन घंटे में गिरफ्तारी
पूजा के पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम ने मानकनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और धीरज पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य सुराग जुटाए। जांच के आधार पर पुलिस ने आलमबाग के शांतिपुरम इलाके से धीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी वारदात के करीब तीन घंटे के भीतर की गई।
ई-रिक्शा बरामद, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव ले जाने में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने वारदात से जुड़े तथ्य बताए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।



