उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

फतेहपुर में खूनी संघर्ष: ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर बांके से हमला, आरोपी बहनोई की मौत

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात साले-बहनोई के बीच चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि आशापुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय पवन विश्वकर्मा ने अपनी ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर बांके से हमला कर दिया। हमले में पांच लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान हुई मारपीट में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पवन विश्वकर्मा बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी ससुराल बीकमपुर आया था। बताया जा रहा है कि उसका पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। देर रात करीब दो बजे उसने कथित रूप से घर में सो रहे लोगों पर बांके से हमला कर दिया।

हमले में प्रदीप (20), राजेश, पुष्पा, राजकरण (22) और गोरे (18) घायल हुए हैं। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पवन को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके साथ मारपीट होने की बात सामने आई है, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए कुछ घायलों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

इलाज के दौरान आरोपी की मौत

पुलिस के अनुसार, घायल पवन विश्वकर्मा को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है। खास तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि ससुराल पक्ष से उसका विवाद किस बात को लेकर था और हमला किस परिस्थिति में हुआ। साथ ही आरोपी को पकड़ने के बाद हुई मारपीट और उसकी मौत की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस गांव में निगरानी बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button