उन्नाव: मिशन शक्ति को लेकर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष गोष्ठी, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव/बीघापुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना बीघापुर परिसर में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा ने की। इसमें बीघापुर, अचलगंज, बारासगवर और बिहार थानों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने, महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाने तथा महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला पुलिसकर्मियों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने और जरूरतमंद महिलाओं तक पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।



