सड़कों की गुणवत्ता जांचने सड़क पर उतरे नगर आयुक्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त और आवागमन के लिए सुगम बनाने के अभियान के तहत नगर निगम ने सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-5 के वार्ड नंबर 7 में चल रहे सड़क मरम्मत कार्य का औचक निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने निराला नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा से दिया क्लीनिक होते हुए बबलू शटरिंग तक कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य का जायजा लिया। यहां हॉट मिक्स प्लांट के जरिए सड़क पर पक्का पैच तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार करीब 30 लाख रुपये की लागत से दो किलोमीटर लंबाई में यह कार्य कराया जा रहा है।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परखी
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क में इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री, डामरीकरण की गुणवत्ता और काम की गति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ऐसे में मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए। जरूरत पड़ने पर रात में भी काम कराया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर मलबा नहीं फैलने देने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और रखरखाव के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जोनल अभियंता-5 कमलेश पटेल, जोनल स्वच्छ अधिकारी अवनीश यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



