उन्नाव में गूंजेगा शिवमहापुराण का दिव्य स्वर, 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगी भव्य कथा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
एनएच-31, गौरी बीघापुर में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से होगा शिवमहापुराण कथा का रसपान, आस्था चैनल पर होगा सीधा प्रसारण।
उन्नाव।। जनपद एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। बाबा मनकामेश्वर सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक श्री शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन एनएच-31, गौरी बीघापुर, उन्नाव में होगा।
कथा का वाचन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा अपने श्रीमुख से करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार कथा में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जो श्रद्धालु आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे आस्था चैनल और पंडित प्रदीप मिश्रा के आधिकारिक YouTube माध्यम से भी कथा का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

इस धार्मिक आयोजन के मुख्य आयोजक अरुण सिंह, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, उन्नाव हैं। वहीं बाबा मनकामेश्वर सनातन सेवा समिति आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने की तैयारी चल रही है।
आयोजन समिति ने जनपद सहित आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



