अनुराग त्रिवेदी के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंची मदद की पहल, अभिनव त्रिवेदी ने किया स्थलीय निरीक्षण

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
सातन, बरुवा समेत सात गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
उन्नाव/भगवंतनगर। बाढ़ की स्थिति के बीच भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कटरी इलाके में समाजसेवी अनुराग त्रिवेदी के अनुज भ्राता अभिनव त्रिवेदी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम सातन, बरुवा, देवपुर, अदनखेड़ा, खरौली, सराय और बदलाखेड़ा पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बाढ़ की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान अभिनव त्रिवेदी ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यक जरूरतों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण आवागमन, दैनिक जरूरतों और अन्य परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।
अभिनव त्रिवेदी ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि विपदा के समय लोगों के साथ खड़ा होना ही सच्ची सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रभावित परिवारों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।
अभिनव त्रिवेदी ने कहा, “विपदा में साथ, सेवा में समर्पण—यही समाज जीवन का संस्कार है। संकट की घड़ी में कोई अकेला नहीं है।”



