खेत की नाली में कपड़े में लिपटा मिला नवजात, रोने की आवाज सुनकर युवक ने बचाया

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के मांगटा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत की नाली में कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु मिला। खेत की ओर से आ रही बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्चे को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि गांव निवासी रोशन पुत्र सैफ अली शुक्रवार को बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत की नाली की तरफ से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो कपड़े में लिपटा नवजात खेत में अकेला पड़ा मिला।
पत्नी ने गोद में लेकर संभाला नवजात
रोशन ने घटना की जानकारी अपनी पत्नी और आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। रोशन की पत्नी ने नवजात को गोद में लेकर संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात को रोशन की पत्नी के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
नवजात को छोड़ने वाले की तलाश
थाना प्रभारी सनत कुमार के अनुसार नवजात को खेत में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल नवजात की पहचान और उसे खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



