28 लाख रुपये से बनेगी 1200 मीटर सड़क, ग्रामीणों की मांग के बाद जिला पंचायत ने दी मंजूर

संवाददाता देवेन्द्र तिवारी
हसनगंज (उन्नाव)। विकासखंड हसनगंज क्षेत्र के नवई-नेवाजीखेड़ा-ओहरापुर-कौड़ियां संपर्क मार्ग के दिन अब बहुरने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस मार्ग के नवनिर्माण के लिए जिला पंचायत ने 28 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। करीब 1200 मीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी। दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठा रहे थे। बीते 21 जुलाई को ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए रोड नहीं तो वोट नहीं की चेतावनी भी दी थी।
ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद जिला पंचायत ने सड़क निर्माण के लिए 28 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जगन कुमार ने बताया कि मार्ग का जल्द निर्माण कराने के लिए टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।



