दो महीने से मानदेय नहीं मिलने पर जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल, परिसर में गंदग

संवाददाता सचिन पांडे
उन्नाव। जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों को दो महीने से मानदेय नहीं मिलने पर मंगलवार को उनका आक्रोश फूट पड़ा। भुगतान न होने से नाराज सफाईकर्मी सुबह आठ बजे से हड़ताल पर चले गए और अस्पताल गेट के पास बैठकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने संबंधित जिम्मेदारों से बकाया मानदेय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि लगातार दो महीने से भुगतान नहीं होने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। त्योहारों के दौरान राशन, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों के लिए उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ कर्मचारियों ने कर्ज लेकर घर चलाने की बात भी कही।
कर्मचारियों के अनुसार ठेकेदार अनुज शुक्ला से कई बार भुगतान की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद सभी ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हड़ताल के कारण जिला अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और जगह-जगह गंदगी जमा होने लगी। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। सीएमएस एसके शुक्ला ने बताया कि कर्मचारियों से वार्ता हुई है। संबंधित फर्म के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।



