रावतपुर पुलिस ने लूट के आरोपी को दबोचा, प्रिंटर और कैमरों समेत सामान बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। रावतपुर थाना पुलिस ने मारपीट कर लूट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेजाब मिल कैंपस निवासी कृष्णा शुक्ला उर्फ कृष्णा ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से कई सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन और कैमरे बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक प्रिंटर, एक नोट गिनने की मशीन, एक पिठ्ठू बैग, एसबीआई की एक पासबुक, एचडीएफसी की एक पासबुक और भूरे रंग का एक पर्स बरामद किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने एक बड़ा कैमरा और दो छोटे कैमरे भी बरामद किए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया है।
रावतपुर पुलिस की टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार आरोपी लूट की घटना के बाद फरार चल रहा था। उसकी तलाश के दौरान पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई थानाध्यक्ष कमलेश राय के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मा कुशवाहा, उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह, अंकुर सिंह, पंकज शर्मा, कांस्टेबल सुल्तान सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल आदर्श और राधाचरण शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।



