उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज पहुंचे, मनोज पाण्डेय ने भी लिया आशीर्वाद

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

बीघापुर (उन्नाव)। बैसवारा की पावन धरती पर स्थित गौरी गांव में आयोजित सात दिवसीय श्री शिवदीप शिव महापुराण कथा के छठे दिन बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण का श्रवण करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, विशिष्ट अतिथि मनोज पाण्डेय सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों का आगमन हुआ। अतिथियों ने पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा का सानिध्य प्राप्त कर उनका आशीर्वाद लिया।

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं कथा के मुख्य आयोजक अरुण सिंह की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बुधवार को कथा स्थल पर दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। हर ओर हर-हर महादेव के जयघोष सुनाई देते रहे।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दिया अहम संदेश

कथा में पहुंचे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि भारत सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं वाला देश है। यहां रामायण, शिवपुराण, रामचरितमानस, श्रीमद्भागवत और गीता जैसे धार्मिक ग्रंथों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इन ग्रंथों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की आवश्यकता है, जिससे नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को बेहतर ढंग से समझ सके।

उन्होंने पं. प्रदीप मिश्रा जैसे कथावाचकों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने मुख्य आयोजक अरुण सिंह की भी सराहना की और प्रदीप मिश्रा को आगरा में कथा करने के लिए आमंत्रित किया।

विशिष्ट अतिथि मनोज पाण्डेय का हुआ आगमन

श्री शिव महापुराण कथा में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज पाण्डेय का आगमन भी हुआ। गौरी-बीघापुर की पावन धरा पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में उन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा का सानिध्य प्राप्त किया। उनकी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

कथा स्थल पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं संगठन के सम्मानित नेतृत्व का भी आगमन हुआ। इस दौरान अवधेश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध क्षेत्र; राजीव मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवध क्षेत्र; अवधेश कटियार, क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा; अजीत सिंह (बब्बन भइया), जिलाध्यक्ष हरदोई तथा अनुराग अवस्थी, जिलाध्यक्ष उन्नाव का मुख्य आयोजक अरुण सिंह की ओर से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

सभी पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा और बढ़ गई। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं और अतिथियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रहनू नर्तकी की शिवभक्ति का प्रसंग सुनाया

कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने काशी की रहनू नामक नर्तकी की शिवभक्ति का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद रहनू भगवान शिव की अनन्य भक्त थीं। एक बार प्रदोष काल में मंदिर में दीपक जलाने का प्रसंग आया। रहनू को मंदिर में प्रवेश नहीं मिला तो उन्होंने बाहर ही दीपक जलाकर भगवान शिव को समर्पित कर दिया।

कथा के प्रसंग के अनुसार, तेज आंधी और तूफान में मंदिर के भीतर जल रहे दीपक बुझ गए, लेकिन रहनू का दीपक जलता रहा। इस प्रसंग के माध्यम से कथावाचक ने बताया कि भगवान शिव के दरबार में बाहरी पहचान और दिखावे से अधिक महत्व सच्ची श्रद्धा और निर्मल मन का होता है।

युवाओं को दिया परिश्रम और सदाचार का संदेश

पं. प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए भगवान का स्मरण करने के साथ परिश्रम करना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से गलत संगति से दूर रहने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अच्छे विचारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सच्चे मन से भगवान शिव का स्मरण करने वाले भक्तों को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। कथा के दौरान शिवभक्ति, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया गया।

शिवमय हुआ गौरी-बीघापुर का वातावरण

कथा के छठे दिन गौरी-बीघापुर की पावन धरा पर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से प्रवाहित शिव महिमा, श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और हर-हर महादेव के जयघोष से कथा स्थल गुंजायमान रहा। हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण कर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करते नजर आए।

30 अक्टूबर से शुरू हुई सात दिवसीय श्री शिवदीप शिव महापुराण कथा का समापन 5 नवंबर को होगा। प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। उन्नाव सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौरी गांव पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर रहे हैं।

।। श्री शिवाय नमस्तुभ्यम् ।।
हर हर महादेव!

Related Articles

Back to top button