उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

जाजमऊ पुराने गंगापुल के डायवर्जन को लेकर यातायात विभाग अलर्ट, अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण

संवाददाता सचिन पांडे

उन्नाव। जाजमऊ पुराने गंगापुल पर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते भारी वाहनों के लिए लागू किए गए रूट डायवर्जन को प्रभावी बनाने के लिए यातायात विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। 13 सितंबर से 13 दिसंबर 2026 तक लागू डायवर्जन व्यवस्था के तहत भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य ने थाना गंगाघाट क्षेत्र के मरैला चौराहा और थाना अचलगंज क्षेत्र के आजाद मार्ग व सरैया क्रॉसिंग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर यातायात की स्थिति, डायवर्जन रूट और भारी वाहनों के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया। सीओ यातायात ने संबंधित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को डायवर्जन व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन कराने के निर्देश दिए।

वाहन चालकों को दिया जाएगा मार्गदर्शन

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि डायवर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और भारी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देकर उनका सही दिशा में मार्गदर्शन किया जाए। प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पर यातायात कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जाजमऊ पुराने गंगापुल पर मरम्मत कार्य के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। यातायात विभाग का प्रयास है कि डायवर्जन के कारण किसी प्रमुख मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और वाहन निर्धारित रूट से सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

Related Articles

Back to top button