उन्नाव में सेवा संकल्प महाअभियान के तहत सफाई कर्मचारियों का सम्मान, डीपीआरओ ने दिए प्रशस्ति पत्र

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। सेवा संकल्प महाअभियान के तहत जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर स्वास्थ्य सुरक्षा शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का आयोजन सहायक विकास अधिकारी पंचायत के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बेहतर सेवाएं देने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में ग्राम विकास अधिकारी पुत्तन लाल पाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। हसनगंज, सिकंदरपुर सरोसी, नवाबगंज, मियागंज समेत विभिन्न ब्लॉकों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संदीप भारती समेत कई कर्मचारियों को भी उनके कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
डीपीआरओ ने सफाई कर्मचारियों से स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ सफाई कर्मियों की स्वयं की सुरक्षा और स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है।



