रिजर्व पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने दिलाया आदर्शों पर चलने का संकल्प

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। रिजर्व पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने क्वार्टर गार्ड में स्थापित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एसएसपी ने प्रतिमाओं को सलामी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देशसेवा के योगदान को याद किया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रपिता, बापू तथा सत्य और अहिंसा का पुजारी बताया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और देशसेवा के आदर्शों को भी याद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने अपने जीवन से देश के प्रति कर्तव्य, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा दी।
जयंती कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, सीओ यातायात प्रदीप मौर्य, सीओ अपराध मधुप नाथ मिश्रा, सीओ बीघापुर प्रदीप कुमार तथा प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव दिखाई दिया।



