उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

दशहरा मेले को लेकर डीसीपी साउथ ने किया रामलीला मैदान का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

कानपुर। दशहरा मेला एवं रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण अरीबा नोमान ने गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामलीला मैदान एवं मेला परिसर में संभावित भीड़, आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। इस दौरान एसीपी बाबूपुरवा सहित संबंधित थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।

अधिकारियों ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से वार्ता कर कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही आयोजन के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सतर्क रहने को कहा।

इसके अलावा मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामलीला मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन से संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीसीपी साउथ ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी दशहरा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के साथ आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे मेला एवं रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button