उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: तेज रफ्तार डंपर ने तोड़े बिजली के तीन पोल, 3.28 लाख रुपये का नुकसान; अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के चकलवंशी में रात के अंधेरे में तेज रफ्तार डंपर बिजली के पोलों से टकरा गया। हादसे में 11 केवी हाईटेंशन लाइन का एक और एलटी लाइन के दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए। पोलों के साथ बिजली की लाइन और एबी केबल को भी नुकसान पहुंचा। विद्युत विभाग ने करीब 3.28 लाख रुपये की क्षति का आकलन किया है। मामले में माखी थाने में डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

रात एक से तीन बजे के बीच हुई घटना

जानकारी के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की रात करीब एक से तीन बजे के बीच की बताई गई है। डंपर संख्या RJ 11 GC 6975 की टक्कर से लक्ष्य हॉस्पिटल के सामने हाईटेंशन लाइन का एक पोल और चकलवंशी चौराहे के पास एलटी लाइन के दो पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण बिजली के तारों और केबल को भी नुकसान पहुंचा।

कई गांवों और मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित

विद्युत विभाग के मुताबिक, ऐराभदियार उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी परियर फीडर की लाइन भीमेश्वर मंदिर, परियर रोड और चकलवंशी चौराहे से होते हुए खुमानखेड़ा गांव तक जाती है। इस लाइन के क्षतिग्रस्त होने से चकलवंशी सहित कई गांवों और मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत में जानकारी दी गई है।

विद्युत विभाग ने दर्ज कराई शिकायत

33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र ऐराभदियार के अवर अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने मामले में पुलिस को तहरीर दी। विभागीय शिकायत में डंपर चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। विभाग ने बिजली के पोल, लाइन और एबी केबल को हुए नुकसान का आकलन करीब 3.28 लाख रुपये किया है।

अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

माखी थाना पुलिस ने विद्युत विभाग की तहरीर के आधार पर डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने और क्षतिग्रस्त विद्युत ढांचे की मरम्मत को लेकर विभागीय कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button