कानपुर में ‘गांजा क्वीन’ गिरफ्तार, ट्रॉली बैग से 8.295 किलो गांजा बरामद

कानपुर। रेलबाजार थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिव नारायण पुल के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला के पास से कुल 8 किलो 295 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान चांदनी जोशी निवासी शाहजहांपुर के रूप में हुई है। एसीपी छावनी प्रियंका बाजपेई ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि महिला भुवनेश्वर, ओडिशा से गांजा लेकर कानपुर में सप्लाई करने के लिए आई थी।
पुलिस ने महिला के ट्रॉली बैग और पिठ्ठू बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ। मामले में रेलबाजार थाना पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अमान सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक विकास शर्मा, आशीष कुमार, सूरज वर्मा, नीरज यादव, कांस्टेबल रविंद्र कुमार, महिला कांस्टेबल रिंकी सिंह और रि. महिला कांस्टेबल अनीता की टीम ने की।



