
लखनऊ -गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त ने जेहटा, माल रोड, सैंथा एवं फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय एवं नाव द्वारा निरीक्षण
प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता—गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराने के निर्देश
प्रभावित क्षेत्रों में राहत किट, भोजन, आवश्यक दवाओं एवं पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने के निर्देश; रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ दाऊद नगर में अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश
04 अक्टूबर 2026, लखनऊ।
गोमती नदी के बढ़ते हुए जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त श्री बब्लू कुमार द्वारा बरावन कला, सैथा आदि प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत सामग्री की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षित स्थानों पर लोगों के शिफ्टिंग की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने प्रभावित नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए स्थापित बाढ़ राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। शिविर में मौजूद चिकित्सकों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक दवाओं के वितरण की जानकारी ली। चिकित्सकों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रभावित नागरिकों को आवश्यकतानुसार दवाओं की किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक दवाओं की पर्याप्त किट तैयार कर तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई जाएं तथा जरूरतमंद नागरिकों को दवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाए। ग्राम सैथा में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों की विशेष प्राथमिकता तय करते हुए उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पहुंचाया जाए।
प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा नगर मजिस्ट्रेट को तत्काल 10 नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को भोजन एवं राहत किट उपलब्ध कराने तथा प्रभावित पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त द्वारा फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का नाव द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने नाव के माध्यम से प्रभावित बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा मौके पर उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री की स्थिति का सत्यापन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रातःकाल से ही समस्त प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों को सक्रिय करते हुए नावों के माध्यम से घर-घर राहत किट पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। प्रभावित नागरिकों को भोजन, आवश्यक राहत सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को लगातार समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए, ताकि रात्रि के समय भी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। इसके साथ ही दाऊद नगर क्षेत्र में एक अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रभावित नागरिकों की शिकायतों एवं आवश्यकताओं पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोमती नदी के जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी मलिहाबाद, नगर निगम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



