आयकर बार एसोसिएशन की मांग पर बकाया मांग एवं जनशिकायत निवारण शिविर की तिथि 15 अगस्त तक बढ़ी!
-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता



लखनऊ 30 जुलाई।
प्रत्यक्ष कर भवन, लखनऊ स्थित ए.एस.के. केंद्र (ASK Room) में बकाया मांग एवं जनशिकायत निवारण शिविर (Outstanding Demand & Public Grievance Redressal Camp) का आयोजन किया गया। इस शिविर में आयकर बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के प्रारंभ में आयकर बार एसोसिएशन, लखनऊ के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज लाल ने करदाताओं और अधिवक्ताओं की ओर से एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई आयकर विवरणियों (ITR) को दाखिल करने की अंतिम तिथि है। इस व्यस्तता के कारण बड़ी संख्या में करदाता और कर पेशेवर अपनी शिकायतों के आवेदन समय पर जमा नहीं कर पाए हैं। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए आवेदन जमा करने की तिथि को कम से कम 15 दिन बढ़ाने का अनुरोध किया।
इस अनुरोध पर विचार करते हुए मुख्य आयकर आयुक्त (CCIT), प्रयागराज, श्रीमती मीनाक्षी सिंह ने प्रस्ताव को स्वीकार किया और शिविर के तहत आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 तक बढ़ाने की घोषणा की।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (Pr. CCIT) श्रीमती अपर्णा एम. अग्रवाल ने भी इस अनुरोध पर तुरंत अपनी सहमति प्रदान की। आयकर बार एसोसिएशन ने विभाग के इस करदाता-अनुकूल दृष्टिकोण के लिए प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती अपर्णा एम. अग्रवाल और मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती मीनाक्षी सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया।
प्रमुख उपस्थिति एवं अपील
शिविर में आयकर बार एसोसिएशन के सचिव श्री मनीष रंजन, पूर्व अध्यक्ष श्री एस. के. भार्गव, पूर्व अध्यक्ष श्री सुमित तिवारी, श्रीमती केली फ्रेडरिक सिंह सहित कई वरिष्ठ सदस्य और आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आयकर बार एसोसिएशन ने सभी सम्मानित सदस्यों और करदाताओं से अपील की है कि वे अपना आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने के बाद, 15 अगस्त 2026 तक अपने शिकायत आवेदन अवश्य जमा कर दें, ताकि समय रहते उनका निस्तारण किया जा सके।



