पत्नी ने सास-जेठ पर लगाया हत्या का आरोप, बाग में फंदे से मिला मजदूर का शव

जिला संवाददाता देवेन्द्र तिवारी
उन्नाव/आसीवन। आसीवन थाना क्षेत्र के अनवरखेड़ा गांव में एक 32 वर्षीय मजदूर का शव गांव के बाहर बाग में फंदे से लटका मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मिश्रीलाल उर्फ राजू (32) के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ में मजदूरी करता था और घटना से करीब एक महीने पहले ही गांव वापस आया था। परिवार के अनुसार, 23 जुलाई को उसकी मां शिवकुमारी के जेवर चोरी हो गए थे। इसके बाद परिजनों को मिश्रीलाल पर शक हुआ और 24 जुलाई को उसकी मां की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई थी।

बताया गया कि पूछताछ को लेकर मिश्रीलाल परेशान था। गुरुवार शाम वह घर से बिना बताए निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उसका शव गांव के बाहर बाग में फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हर्ष मोदी और आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई कैलाश के मुताबिक, मिश्रीलाल नौ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
वहीं, मृतक की पत्नी ने सास और जेठ पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है। थाना प्रभारी प्रतीप कुमार सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



