उत्तर प्रदेशताजा खबरप्रयागराज

उमर अहमद के काफिले पर FIR: नवाबगंज टोल पर 28 वाहनों के बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

प्रयागराज। अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को पैरोल पर लखनऊ जेल से प्रयागराज लाए जाने के दौरान उसके पीछे चल रहे वाहनों का काफिला विवादों में आ गया। प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा पर बिना टोल शुल्क दिए बैरियर तोड़कर निकलने के आरोप में 28 वाहनों के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

मामला 8 अगस्त का बताया जा रहा है। उमर अहमद को उसके छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए पैरोल मिली थी। पुलिस सुरक्षा में उसे लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था। इसी दौरान उसके पीछे चल रहे वाहनों का काफिला नवाबगंज टोल प्लाजा पहुंचा।

टोल देने के बजाय बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप

नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की तहरीर के मुताबिक, उमर को लेकर चल रहा पुलिस वाहन टोल से निकलने के बाद पीछे से आए करीब 28 वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क नहीं दिया और बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गए। कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों को धमकाया और तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर बढ़ाए। कर्मचारियों ने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई। बैरियर टूटने से टोल प्लाजा को नुकसान पहुंचने की बात भी शिकायत में कही गई है।

CCTV फुटेज से होगी वाहनों की पहचान

मामले में नवाबगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय कौन-कौन से वाहन वहां से गुजरे और बैरियर को किस वाहन से नुकसान पहुंचा।

कुछ रिपोर्टों में काफिले के कुछ वाहनों की नंबर प्लेट अधूरी या गायब होने की बात भी सामने आई है। पुलिस उपलब्ध फुटेज और टोल कर्मचारियों के बयानों के आधार पर वाहन चालकों की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button