उन्नाव: गंगा में कूदे युवक का दूसरे दिन भी नहीं चला पता, पांच किलोमीटर तक तलाश

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
गंजमुरादाबाद/उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के गंगा पुल पर बाइक खड़ी कर नदी में छलांग लगाने वाले युवक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। युवक की तलाश में कानपुर और बांगरमऊ पुलिस की टीमें जुटी हैं। नाव और गोताखोरों की मदद से गंगा में कई किलोमीटर तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण तलाश अभियान में परेशानी आ रही है।
जानकारी के अनुसार बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के सिरधरपुर गांव निवासी रोहित (20) पुत्र राजबहादुर बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के गंगा पुल पर पहुंचा था। उसने अपनी बाइक पुल के किनारे खड़ी की और रेलिंग के पास पहुंचकर गंगा नदी में छलांग लगा दी।
युवक को पुल से नदी में छलांग लगाते देख वहां मौजूद कुछ ट्रक चालकों ने उसे रोकने और बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी।
घटनास्थल कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र में होने के कारण बांगरमऊ पुलिस ने कानपुर पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद अरौल पुलिस ने स्टीमर और गोताखोरों की मदद से गंगा में रोहित की तलाश शुरू कराई।
शुक्रवार को बांगरमऊ पुलिस ने भी खोज अभियान चलाया। गोताखोरों और नावों की मदद से घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर रतईपुरवा गांव तक गंगा में तलाश की गई, लेकिन रोहित का कोई पता नहीं चल सका। गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण तेज बहाव भी तलाशी अभियान में बाधा बन रहा है।
रोहित के लापता होने से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता राजबहादुर, मां राजेश्वरी, भाई रीतेश, राहुल और मोहित तथा बहन सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बांगरमऊ कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में करीब पांच किलोमीटर तक नाव और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई गई, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस का तलाश अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने युवक के नदी में छलांग लगाने के पीछे पारिवारिक विवाद की बात बताई है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



