उन्नाव बार एसोसिएशन: महामंत्री पद पर दोबारा मतगणना में आनंद सिंह ‘बूटा’ एक वोट से जीते, अध्यक्ष बने रतींद्र सिंह

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। बार एसोसिएशन की वार्षिक कार्यकारिणी 2026-27 के चुनाव में अध्यक्ष पद पर रतींद्र सिंह ने 12 मतों से जीत दर्ज की, जबकि महामंत्री पद का परिणाम बराबरी पर आने के बाद गुरुवार को हुई पुनर्मतगणना में आनंद सिंह ‘बूटा’ ने राहुल यादव को एक मत से हराकर जीत हासिल की। मतगणना के दौरान दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए कचहरी परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।
बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के 10 पदों के लिए इस बार 43 प्रत्याशी मैदान में थे। मंगलवार को मतदान के बाद बुधवार दोपहर करीब एक बजे मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर रतींद्र सिंह और रामकिशोर पाल के बीच शुरुआत से ही कांटे का मुकाबला रहा। पहले चक्र में रतींद्र सिंह को 30 और रामकिशोर पाल को 29 मत मिले। नौवें चक्र में दोनों प्रत्याशी 270-270 मतों पर बराबरी पर पहुंच गए, जिससे समर्थकों की धड़कनें बढ़ गईं। हालांकि बाद के चक्रों में रतींद्र सिंह ने बढ़त बनाई और 15वें चक्र में उन्हें 12 मतों से विजेता घोषित किया गया।
वहीं महामंत्री पद पर आनंद सिंह ‘बूटा’ और राहुल यादव के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। बुधवार को अंतिम चक्र की मतगणना के बाद दोनों प्रत्याशियों के बराबर मत आने पर एल्डर कमेटी ने परिणाम ड्रॉ घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी विनी सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण बाजपेयी, चुनाव अधिकारी प्रकाश कुमार निगम और अन्य सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
दोनों प्रत्याशियों की सहमति के बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे महामंत्री पद के लिए पुनर्मतगणना शुरू कराई गई। पहले चक्र में राहुल यादव को 31 और आनंद सिंह ‘बूटा’ को 18 मत मिले, जबकि एक मत अवैध घोषित हुआ। शुरुआती चक्रों में राहुल यादव बढ़त बनाए रहे। 11वें चक्र में आनंद सिंह ने बढ़त हासिल की, हालांकि इसके बाद भी दोनों के बीच मतों का अंतर लगातार बदलता रहा। 14वें चक्र में आनंद सिंह 34 मत पाकर राहुल यादव से पांच मत आगे निकल गए। अंतिम चक्र की गणना के बाद आनंद सिंह ‘बूटा’ को कुल 408 मत, जबकि राहुल यादव को 407 मत मिले। दोपहर करीब 3:30 बजे एल्डर कमेटी ने आनंद सिंह ‘बूटा’ को एक मत से विजेता घोषित कर दिया।
मतगणना के दौरान गैर-अधिवक्ताओं को कराया गया बाहर
पुनर्मतगणना के दौरान बार एसोसिएशन परिसर में दोनों पक्षों के कई ऐसे लोग मौजूद थे, जो अधिवक्ता नहीं थे। जानकारी होने पर चुनाव अधिकारी ने अधिवक्ताओं के अलावा अन्य लोगों से परिसर खाली करने की अपील की। इसके बाद गैर-अधिवक्ताओं को बाहर कराया गया और पुलिस की मौजूदगी में मतगणना पूरी कराई गई।
अन्य पदों पर ये प्रत्याशी जीते
कोषाध्यक्ष पद पर शशि प्रभा ने ज्योति तिवारी को हराकर जीत दर्ज की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महजबी बेगम ने ज्योत्सना गोयल को पराजित किया। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनीष मिश्रा विजयी रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दूसरे पद पर पंकज कुमार श्रीवास्तव ने जीत हासिल की। संयुक्त मंत्री प्रशासन पद पर अंकित तिवारी, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पद पर सोनिका गुप्ता और संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर आलोक वर्मा विजयी घोषित हुए। कनिष्ठ सदस्य पद पर अरुण कुमार, मो. वली अहमद, राजेश कुमार निषाद और सुरेंद्र कुमार ने जीत दर्ज की।
किसान मेल न्यूज़ | उन्नाव



