गंगा पुल पर बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलीं, युवक के नदी में कूदने की आशंका

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
बांगरमऊ, उन्नाव। गंगा नदी पुल पर बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों को आशंका है कि युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
नगर के सराय मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय निलेश जायसवाल पुत्र रामेंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। वह नानामऊ घाट के पास फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं, जबकि उनके पिता परचून की दुकान चलाते हैं। बताया गया कि बुधवार शाम निलेश किसी बात को लेकर मां की डांट से नाराज हो गए और बाइक लेकर घर से निकल गए।
रात करीब 11 बजे निलेश ने अपने छोटे भाई के मोबाइल पर 33 सेकेंड का वीडियो भेजा। यह वीडियो गंगा नदी पुल से बनाया गया था। वीडियो में उसने छोटे भाई से उसे तलाशने की कोशिश न करने और माता-पिता का ध्यान रखने की बात कही। वीडियो मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन आनन-फानन गंगा पुल की ओर पहुंचे।
पुल पर पहुंचने पर निलेश की बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलीं, लेकिन वह मौके पर नहीं था। नदी में कूदने की आशंका पर परिवार ने रात करीब पौने 12 बजे यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश शुरू कराई।
गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में तलाश की, लेकिन गुरुवार देर शाम तक निलेश का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।
इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि युवक के गंगा में छलांग लगाने की आशंका के चलते उसकी तलाश कराई जा रही है। अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
दैनिक किसान मेल न्यूज़ | उन्नाव



